लाइव, जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली के ये 18 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

जंतर-मंतर के पास चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने नई दिल्ली समेत 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही बंद कर दी है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • राहुल गांधी
  • केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास
  • पेपर लीक पर पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो, कहा- सख्त कार्रवाई होगी
  • सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने के बाद क्या कहा
  • जंतर मंतर पर ऐसा है माहौल
  • पटना यूनिवर्सिटी में आंदोलन कर रहे टीचर्स ने क्या कहा
  • जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने आए पूर्व सैन्यकर्मी ने क्या कहा

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली के ये 18 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

    दिल्ली मेट्रो

    इमेज स्रोत, Sakib Ali/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीएमआरसी ने एक आधिकारिक सूचना में बताया कि शनिवारसुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    जंतर-मंतर के पास चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने नई दिल्ली समेत 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही बंद कर दी है.

    डीएमआरसी ने एक आधिकारिक सूचना में बताया कि 25 जुलाई (शनिवार) को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक ये 18 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे.

    हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी.

    ये मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद-

    लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, ख़ान मार्केट, ज़ोर बाग़, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन.

  2. रूस का यूक्रेन में ड्रोन प्रदर्शनी पर हमला, 10 लोगों की मौत और 100 घायल हुए, पॉल एडम्स और शार्लेट हैडफ़ील्ड

    किएव के पास हमला

    इमेज स्रोत, Ukrainian President Zelensky

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि इस हमले में लगभग 100 लोग घायल हुए हैं

    रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज़ कर दिए हैं. हाल में बड़ा हमला राजधानी किएव के पास शुक्रवार को आयोजित ड्रोन तकनीक प्रदर्शनी पर हुआ, जहां बैलिस्टिक मिसाइल हमले में 10 लोगों की जान चली गई.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि इस हमले में लगभग 100 लोग घायल हुए. प्रदर्शनी में रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद थे.

    रूस ने भी इस हमले की पुष्टि की है. रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि यहां ऐसे ड्रोन प्रदर्शित किए जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल रूस के नागरिक ठिकानों पर हमलों के लिए किया जाता है.

    ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार शाम चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रूस अगले 48 घंटे के भीतर एक और बड़े मिसाइल हमले की तैयारी कर रहा है.

    इस बीच, शुक्रवार को यूक्रेन ने भी रूस पर जवाबी हमला किया. रूस के किरोव शहर में हुए हमले में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए.

    यह शहर युद्ध मोर्चे से क़रीब 1,000 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित है. यूक्रेन ने रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज़ के गोदामों को भी निशाना बनाया.

  3. निर्मला सीतारमण ने 'पेपर लीक' पर ऐसा क्या कहा, जिस वजह से विपक्षी दल कर रहे आलोचना

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, David Talukdar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक बयान को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. गुरुवार को सीतारमण ने कहा था कि कुछ छात्रों ने पेपर लीक की घटना का फ़ायदा उठाकर ज़्यादा मेहनत की.

    उनके इस बयान पर कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) समेत कई दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    दरअसल, सीतारमण ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "अगर सरकार ने समय पर कार्रवाई नहीं की होती, समय पर गिरफ़्तारियां नहीं हुई होतीं, समय पर दोबारा परीक्षा नहीं हुई होती और घटना के बाद समय पर नतीजे घोषित नहीं किए गए होते, तो आज युवा उन संस्थानों में दाख़िला लेने की स्थिति में नहीं होते, जहां उन्हें आगे की पढ़ाई करनी है.

    उन्होंने कहा, "यह सब हो रहा है और कुछ युवा खुद सामने आकर कह रहे हैं कि हां, जब पेपर लीक हुआ था तो मुझे दुख हुआ था, लेकिन बाद में मैंने इसका फ़ायदा उठाया और ज़्यादा मेहनत से तैयारी की. मेरी परफ़ॉर्मेंस बेहतर हुई और मैंने अच्छा किया. ऐसे भी युवा हैं जिन्होंने इस चुनौती का सामना किया और इससे निकलकर अच्छी सफलता हासिल की."

    वित्त मंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे असंवेदनशील और ग़ैर-जिम्मेदाराना क़रार दिया.

    कांग्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा, "जिस पेपर लीक ने 21 से अधिक बच्चों की जान ले ली, जिसके ख़िलाफ़ लाखों युवा आंदोलन कर रहे हैं, उसी के फ़ायदे सरकार गिना रही है. यह बयान इस बात का सबूत है कि मोदी सरकार पेपर लीक रोकने को लेकर गंभीर नहीं है. इन लोगों ने देश की शिक्षा व्यवस्था का कबाड़ा कर दिया है."

    आम आदमी पार्टी ने कहा, "मैडम वित्त मंत्री को परिचय की आवश्यकता नहीं है. वह फिर से लौट आई हैं- इस बार पेपर लीक होने के फायदों के बारे में बता रही हैं."

    झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने भी सीतारमण के बयान की आलोचना की. पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "पेपर लीक एक विकराल रूप धारण कर चुका कैंसर है. झारखंड की हेमंत सरकार इस कैंसर का सर्वनाश कर रही है, मगर बीजेपी कहती है कि पेपर लीक के अपने फ़ायदे हैं."

    वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने तंज कसते हुए कहा, "इस तर्क के हिसाब से तो देश में सारे पेपर लीक होने चाहिए."

  4. पाकिस्तान: ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में सैन्य चौकी पर आत्मघाती हमला, 12 सैन्यकर्मियों समेत 15 की मौत

    पाकिस्तानी सेना

    इमेज स्रोत, Abdul BASIT / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ज़िला प्रशासन ने पूरे टांक ज़िले में धारा 144 लागू कर दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के टांक ज़िले में सेना और पुलिस की संयुक्त चौकी 'मांझी खेल' पर गुरुवार रात को चरमपंथियों के हमले में 12 सैन्यकर्मियों समेत 15 लोगों की मौत हो गई.

    मृतकों में दो पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक अधिकारी भी शामिल हैं. हमले के बाद सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 12 चरमपंथी भी मारे गए.

    पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के मुताबिक़, पहले आतंकियों ने चौकी की सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनकी ये कोशिश नाकाम कर दी. इसके बाद भाग रहे चरमपंथियों का पीछा कर उन्हें निशाना बनाया गया, जिसमें 12 आतंकी मारे गए.

    आईएसपीआर के अनुसार, शुरुआती कोशिश विफल होने के बाद आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी चौकी की दीवार से टकरा दी. भीषण विस्फोट में चौकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 15 लोगों की जान चली गई.

    बीबीसी के संवाददाता अज़ीज़ुल्लाह ख़ान के मुताबिक़, धमाके में मांझी खेल चौकी पूरी तरह तबाह हो गई. हमले में घायल सुरक्षाकर्मियों को तुरंत नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

    घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. ज़िला प्रशासन ने पूरे टांक ज़िले में धारा 144 लागू करते हुए लोगों से बिना ज़रूरत घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. आईएसपीआर ने बताया कि इलाक़े में तलाशी अभियान जारी है.

  5. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.