You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल 2026: अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फ़ाइनल मुक़ाबला
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच मुक़ाबला होगा.
अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी अपने करियर के तीसरे वर्ल्ड कप फ़ाइनल की तैयारी कर रहे हैं. 39 साल की उम्र में भी मेसी 2026 फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के लिए एक अहम खिलाड़ी बने हुए हैं.
कई महान खिलाड़ियों के करियर का सर्वश्रेष्ठ दौर अपेक्षाकृत छोटा रहा, लेकिन मेसी लगभग दो दशक से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं.
इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड आठ बैलन डी'ओर अवॉर्ड जीते हैं. स्पेन और फ़्रांस में लीग ख़िताब जीते, चार बार चैंपियंस लीग चैंपियन बने, कोपा अमेरिका और साल 2022 में क़तर में वर्ल्ड कप जीता.
अर्जेंटीना ने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई है. जबकि स्पेन ने पहले सेमीफ़ाइनल में फ़्रांस को हराया था.
बुधवार को अटलांटा में खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में अर्जेंटीना की टीम 85वें मिनट तक 0-1 से पीछे थी, लेकिन आख़िरकार मैच उसने अपने नाम कर लिया.
मैच के 85वें मिनट में एंजो फर्नांदेज़ ने शानदार गोल कर स्कोर बराबर कर दिया. लगातार हमलों के बीच 92वें मिनट (इंजरी टाइम) में लॉतारो मार्टिनेज़ ने विजयी गोल दागकर अर्जेंटीना को फ़ाइनल में पहुँचा दिया.
डलास स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफ़ाइनल में स्पेन ने फ़ेवरेट मानी जा रही फ़्रांस की टीम को शानदार अंदाज़ में मात दी.
लुइस दे ला फ़ुएंते की टीम ने स्टार अटैकर्स से भरी फ़्रांस की टीम को पूरी तरह काबू में रखा. मैच में ज़्यादा मौक़े नहीं बने, लेकिन स्पेन ने खेल पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और मिकेल ओयारज़ाबाल और पेद्रो पोरो के गोल की बदौलत रविवार को होने वाले फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
पहले हाफ़ के बीच में स्पेन को पेनल्टी मिली. फ़्रांस के लेफ़्ट-बैक लुकास दीन्ये की ग़लती की वजह से फ़ॉरवर्ड लामिन यामाल को गेंद क्लियर करने की कोशिश के दौरान ज़ोरदार टक्कर लगी और रेफ़री ने पेनल्टी दे दी.
ओयारज़ाबाल ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पेनल्टी को गोल पोस्ट के कोने में भेज दिया. बढ़त मिलने के बाद स्पेन ने मैच पर अपनी पकड़ और मज़बूत कर ली.
पहले हाफ़ में फीके प्रदर्शन के बाद उम्मीद थी कि फ़्रांस दूसरे हाफ़ में ज़ोरदार वापसी करेगा. लेकिन हुआ इसके विपरीत. स्पेन ने एक बार फिर खेल पर अपना दबदबा बना लिया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.