धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफ़ा, सीजेपी ने कहा- 'हमने कर दिखाया'

धर्मेंद्र प्रधान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के ख़िलाफ़ बीते एक महीने से प्रदर्शन हो रहे थे
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है. उनके ख़िलाफ़ क़रीब एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन चल रहा है.

नीट पेपर लीक के मामले पर देशभर में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है.

धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि उन्होंने अपना इस्तीफ़ा प्रधानमंत्री को भेजा है, हालांकि उनका इस्तीफ़ा स्वीकार होना बाक़ी है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है, इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताक़तें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य क़ानूनी पेचीदगियों में ना उलझे, हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फ़ोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है."

दूसरी ओर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि "हमने कर दिखाया. धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है."

अभिजीत दीपके ने कहा, "धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है. यह इस बात का सबूत है कि अगर आप डरते नहीं हैं, अगर आप इस सरकार के सामने झुकते नहीं हैं, तो आप किसी से भी इस्तीफ़ा दिलवा सकते हैं. लोकतंत्र में डरने की ज़रूरत नहीं है."

इससे पहले कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल भी उनके इस्तीफ़े की मांग पर अड़े थे.

धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा

जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बारे में समर्थकों को बताते अभिजीत दीपके

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बारे में समर्थकों को बताते अभिजीत दीपके

धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर अपने संदेश का एक पत्र पोस्ट किया है.

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

उन्होंने लिखा, "मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं. मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है."

"मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूँ. भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है. आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं."

नीट पेपर लीक के मामले पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "पहले ही दिन से, इसपर मैंने जिम्मेदारी ली और इस परिस्थिति से कभी मुंह नहीं मोड़ा. मेरा यह संकल्प था कि हम किसी भी मेधावी छात्र की संभावना परीक्षा माफिया के कारण खराब नहीं होने देंगे, किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे."

"परंतु इस दौरान भी कई छात्रों को गुमराह करने के लिए जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे मन अत्यंत व्यथित हुआ."

उन्होंने लिखा, "जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है, इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे, हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है."

जंतर-मंतर का आंदोलन

सीजेपी के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच शुक्रवार को फिर से बातचीत हुई थी

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, सीजेपी के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच शुक्रवार को फिर से बातचीत हुई थी

इससे पहले देश के 100 प्रमुख लेखकों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों ने सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापक सुधार की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में संयुक्त बयान जारी किया.

बयान में कहा गया कि पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने सार्वजनिक संस्थानों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी. यह बातचीत क़रीब 2 घंटे तक चली. इसमें सीजेपी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग से पीछे नहीं हटने वाले हैं.

केद्र सरकार की ओर से बातचीत में शामिल जेपी नड्डा ने पत्रकारों को बताया था कि वे सीजेपी की मांग पर चर्चा के बाद शनिवार दोपहर बाद फिर से बातचीत करेंगे.

शनिवार को भी सरकार से तीसरे दौर की बातचीत से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को 'नॉन-नेगोशिएबल' बताया.

नीट-यूजी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है.

इन प्रदर्शनों में लद्दाख के शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए और वे अनशन पर बैठ गए. इस दौरान फ़िल्म, शिक्षा, कला, खेल और अन्य क्षेत्र के कई लोगों ने सीजेपी के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया.

सरकार पर राजनीतिक दबाव

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने छात्रों के ख़िलाफ़ क्रूर कदम उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने छात्रों के ख़िलाफ़ क्रूर कदम उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

केंद्र सरकार पर दबाव न केवल जंतर-मंतर के आंदोलन की वजह से दिख रहा था, बल्कि देश के कई हिस्सों में शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े को लेकर युवा सड़कों पर उतर गए.

इसके अलावा संसद के अंदर और बाहर भी विपक्षी दल शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े को लेकर सरकार पर दबाव बनाए हुए थे.

शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज़ कसते हुए कहा कि उन्होंने मेट्रो, दुकानें, इंटरनेट, रास्ते और खाना बंद कर दिया, लेकिन पेपर लीक बंद नहीं कर पाए.

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि सरकार ने छात्रों के ख़िलाफ़ क्रूर कदम उठाए हैं.

उन्होंने लिखा, "मेट्रो बंद करो. रास्ते बंद करो. दुकानें बंद करो. इंटरनेट बंद करो. खाना बंद करो. अपना हक़ मांग रहे छात्रों के ख़िलाफ़ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए."

राहुल गांधी ने लिखा, "बस एक चीज़ बंद नहीं कर पाए, मोदी जी- पेपर लीक."

गौरतलब है कि शनिवार को भी दिल्ली में साढ़े सात बजे से लेकर अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं.

वहीं, सीजेपी और उसके समर्थकों का दावा रहा है कि धरनास्थल के आसपास इंटरनेट बाधित है.

मामले ने कैसे लिया नया मोड़

प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने पर बैठने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह उनसे बातचीत करने पहुँचे थे

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने पर बैठने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह उनसे बातचीत करने पहुँचे थे

जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी के आंदोलन में बड़ा मोड़ पिछले हफ़्ते 18 जुलाई को आया. इस दिन दिल्ली पुलिस ने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन उठाकर दिल्ली के सफ़दरजंग हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया.

दरअसल सोनम वांगचुक और सीजेपी ने घोषणा की थी कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन यानी 20 जुलाई को वे संसद मार्च करेंगे. लेकिन इस पहले ही सोनम वांगचुक को वहां से हटा दिया गया.

इसके बाद जंतर-मंतर पर युवाओं की भीड़ बढ़ती चली गई और जब 20 जुलाई को ये लोग सोनम वांगचुक के बिना ही जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की.

पुलिस की इस कार्रवाई में कई युवाओं के साथ सुरक्षाबलों ने मारपीट की. इस मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किए और यह एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया.

अब सरकार पर न केवल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने का दबाव था, बल्कि युवाओं पर लाठीचार्च करने वाले पुलिस वालों के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की मांग की जाने लगी.

इसी मांग के साथ कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कई विपक्षी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. यह एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.